महिला आरक्षण के मुद्दे पर गरमाया सदन, बाहर प्रदर्शन, कई कांग्रेस नेता गिरफ्तार
देहरादून, 28 अप्रैल - विधानसभा में विशेष सत्र होने के बाद सभी नगर निगमों की बोर्ड बैठक में भाजपा निंदा प्रस्ताव लाकर विपक्ष को घेरने का प्रयास करेगी। इसके अलावा सभी जिला पंचायतों की बोर्ड बैठक में भी निंदा प्रस्ताव लाए जाएंगे। इससे भी नीचे क्षेत्र पंचायत की बैठकों में भी इसका निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि विपक्ष ने मातृशक्ति का जो अपमान किया है, उसे लेकर पार्टी किसी सूरत में खामोश नहीं रहेगी।
भाजपा की विपक्ष को घेरने की तैयारी
नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पारित न होने के मुद्दे पर भाजपा विपक्ष को घेरे रखना चाहती है। लिहाजा, विधानसभा में आज मंगलवार को विशेष सत्र के बाद भाजपा ने छोटी सरकार (निगम, जिला पंचायत) तक विपक्ष को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
विधानसभा कूच करने जा रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कई महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
एक तरफ महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भीतर सदन गरमाया हुआ है, तो वहीं बाहर सड़कों पर हंगामा जारी है।

