थाईलैंड घूमने गए पांच भारतीयों में से चार अचानक हुए बेहोश, एक की मौत; जांच में जुटी पुलिस

फुकेट, 12 मई - थाईलैंड के फुकेट से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां घूमने गए चार भारतीय नागरिक एक कैफे में भोजन के दौरान अचानक बेहोश हो गए। इस रहस्यमयी घटना में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि की है और आवश्यक जानकारी साझा की है। 
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, दूतावास थाई अधिकारियों के संपर्क में है और उस घटना पर करीब से नजर रख रहा है, जिसमें 9 मई 2026 को फुकेट में चार भारतीय पर्यटक बेहोश हो गए थे और बाद में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दूतावास ने कहा कि उनमें से एक युवा भारतीय पर्यटक की मौत पर हमारी गहरी संवेदनाएं। दूतावास के अधिकारी इस दुख की घड़ी में हर तरह की मदद देने के लिए मृतक के परिवार के संपर्क में हैं। हम संबंधित थाई अधिकारियों के संपर्क में हैं, जो इस घटना की जांच कर रहे हैं और दूसरों की स्वास्थ्य की स्थिति पर भी नजर रख रहे हैं।
बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, पुलिस ने पुष्टि की है कि शनिवार सुबह फुकेट के एक कैफे में रहस्यमय तरीके से बेहोश होने के बाद 26 साल के एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई और तीन अन्य अभी भी अस्पताल में हैं।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना कथू जिले के कमला बीच इलाके में हुई। एक मशहूर कैफे में चार विदेशी पर्यटकों के बेहोश होने के बाद उन्हें मदद के लिए बुलाया गया। तीन को पटोंग अस्पताल और एक को थालांग अस्पताल ले जाया गया।

#थाईलैंड
# भारतीयों
# पुलिस