योगराज सिंह के खिलाफ दर्ज FIR में चंडीगढ़ पुलिस से हुई बड़ी गलती

चंडीगढ़, 15 मई (कपिल वाधवा) - पंजाबी एक्टर और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-36 पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में चंडीगढ़ पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने FIR में योगराज सिंह का पता 'PSWC सेक्टर-55 फेज-1 SAS नगर' दर्ज किया है, जबकि यह पता पंजाब स्टेट विमेंस कमीशन के ऑफिस से जुड़ा बताया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, यह गलती तब हुई जब विवादित बयान मामले में पंजाब स्टेट विमेंस कमीशन ने सख्त रुख अपनाया था और पुलिस ने जल्दबाजी में FIR दर्ज कर ली थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में तुरंत एक्शन दिखाने के चक्कर में बिना वेरिफिकेशन के पता दर्ज कर दिया।

गौरतलब है कि यह मामला योगराज सिंह द्वारा एक वेब-सीरीज के दौरान महिलाओं को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के बाद चर्चा में आया था। शिकायत करने वाले एडवोकेट उज्ज्वल भसीन, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सेक्टर-43 चंडीगढ़ के बयानों के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 79 और IT एक्ट की धारा 67-A के तहत केस दर्ज किया।

सूत्रों का यह भी कहना है कि इस गलती की वजह से चंडीगढ़ पुलिस ने शिकायत करने वाले को FIR की कॉपी देने में देरी की। बताया जा रहा है कि एडवोकेट उज्ज्वल भसीन ने कॉपी लेने के लिए कई बार संपर्क किया, लेकिन पुलिस ने काफी समय तक कॉपी शेयर नहीं की। हालांकि, इस बारे में चंडीगढ़ पुलिस के किसी भी सीनियर अधिकारी ने कोई ऑफिशियल कन्फर्मेशन या बयान नहीं दिया है।

#Yograj Singh
# FIR
# Chandigarh Police