मनाली : बारालाचा, शिंकुला और रोहतांग दर्रा में हुई ताजा हिमपात


मनाली , 25 मई : नरेंद्र अंगारिया एक ओर जहां मैदानी इलाकों में आग बरस रही है वहीं पहाड़ों में अभी भी बर्फ पड़ रही है । यही वजह है कि हजारी पर्यटक हिमाचल की बर्फीली और ठंडी वादियों का रुख कर रहे हैं। मनाली और लाहौल स्पीति के पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा सहित बारालाचा और शिंकुला दर्रा में सोमवार को हल्का ताजा हिमपात हुआ। इन पर्यटक स्थलों पर पहुंचे पर्यटकों ने लाइव स्नोफॉल देखने की इच्छा पूरी हो गई। हालांकि दोपहर बाद मौसम पूरी तरह साफ हो गया और पर्यटकों ने सोलंगनाला में पहुंचकर पैराग्लाइडिंग का आनंद उठाया। 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रा के साथ साथ सोलंगनाला पर्यटकों की पहली पसंद बना है ।

रोहतांग में बर्फ देखने के रोमांच के बाद पर्यटक सोलंगनाला में  पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा रहे हैं। हालांकि  घंटों ट्रैफिक जाम में भी फंसना पड़ रहा है  लेकिन सोमवार से मनाली पुलिस ने एसडीआरएफ के 25 जवानों को 31 मई तक ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए तैनात किया है । डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मनाली में पंचायत राज चुनावों के दृष्टिगत स्थानीय पुलिस एवं होमगार्ड के जिन जवानों की ड्यूटी विभिन्न पोलिंग बूथों पर लगाई गई है, उनकी अनुपस्थिति में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु एसडीआरएफ के 25 जवानों को तैनात किया गया है। उक्त जवान 31 मई तक स्थानीय पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों के वापस आने तक मनाली के विभिन्न ट्रैफिक प्वाइंट्स पर ड्यूटी देंगे।

#मनाली : बारालाचा
# शिंकुला और रोहतांग