मंडी में मशीनरी लेकर जा रहा ट्राला गहरी खाई में गिरा, ड्राइवर की मौत
मंडी, 6 जून - हिमाचल प्रदेश के ज़िला मंडी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। सराज क्षेत्र के बगस्याड-शिकारी मार्ग पर गत देर रात पोकलेन मशीन लेकर जा रहा एक ट्राला अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, इस हादसे में चालक की मौत हो गई। ट्राला बगस्याड से शिकारी की ओर जा रहा था, इसी दौरान एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्राला खाई में जा गिरा।
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बचाव दल जान जोखिम में डालकर नीचे पहुंचा, वहां जाकर देखा तो चालक की मौत हो चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

