CBSE: दिग्विजय सिंह ने PM को लिखा पत्र, तीन-भाषा नीति को स्थगित करने की मांग

नई दिल्ली, 7 जून - कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीबीएसई की तीन-भाषा नीति को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने मौजूदा शैक्षणिक सत्र के बीच कक्षा 9 के छात्रों के लिए इस नीति को अनिवार्य रूप से लागू करने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए सरकार से इसके क्रियान्वयन को स्थगित करने का आग्रह किया है।
संसद की शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष सिंह ने कहा कि पर्याप्त शिक्षकों, पाठ्यपुस्तकों या संक्रमणकालीन समय के बिना सत्र के मध्य में अचानक इस नीति को लागू करने से गंभीर व्यवधान उत्पन्न होने की संभावना है, "ठीक उसी तरह की अराजकता जैसी जो सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को जल्दबाजी में लागू करने के दौरान देखी गई थी"।

उन्होंने कहा, "मैं इसके साथ सीबीएसई कक्षा नौ के छात्रों के कुछ चिंतित अभिभावकों से प्राप्त अभ्यावेदन भेज रहा हूं, जो वर्तमान मध्य सत्र में तीन-भाषा नीति के अनिवार्य कार्यान्वयन का विरोध कर रहे हैं।"
आगे उन्होंने कहा, "अभिभावकों की शिकायतों और मांगों को पढ़ने के बाद मुझे लगता है कि उनकी चिंताएं सही हैं और उन पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है। यदि पर्याप्त शिक्षक, किताबें और तैयारी के लिए समय उपलब्ध नहीं होगा, तो सत्र के बीच में इस नीति को लागू करने से बड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इससे वैसी ही अव्यवस्था हो सकती है जैसी सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को जल्दबाजी में लागू करने के दौरान हुई थी, जिससे देशभर के लाखों छात्र प्रभावित हुए थे।

 
#CBSE