हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज़ से बाहर
नई दिल्ली, 10 जून - ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज से बाहर हो गए हैं। मंगलवार को बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में फिटनेस टेस्ट पास करने के कुछ ही घंटों बाद हार्दिक को हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। यह सीरीज 13 जून से शुरू होगी।
32 साल के हार्दिक को IPL के दौरान मुंबई इंडियंस के लिए खेलते समय पीठ में खिंचाव आ गया था। वह चोट से उबर चुके थे और फिटनेस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट लेने के लिए बेंगलुरु में थे। रिपोर्ट में BCCI सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि नई चोट के कारण हार्दिक को कम से कम तीन हफ्ते की रिकवरी और रिहैबिलिटेशन की जरूरत होगी, जिससे वह आने वाली सीरीज से बाहर रहेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या बेंगलुरु में फिटनेस टेस्टिंग के आखिरी राउंड में थे। असेसमेंट के दौरान, उन्होंने अपनी काबिलियत का अंदाजा लगाने के लिए मैदान पर पूरे 10 ओवर फेंके। माना जा रहा है कि लंबे ब्रेक के बाद अचानक पूरी गेंदबाजी पर लौटने से पांड्या की जांघ की मसल्स पर एक्स्ट्रा प्रेशर पड़ा और उन्हें नई चोट लग गई।

