कनाडा में पंजाबी मूल के पुलिस अधिकारी तरुण बाली शहीद

जालंधर/ओंटारियो। कनाडा के ओंटारियो प्रांत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंजाबी मूल के 29 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल तरुण बाली ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। एक फरार युवक को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने तेज रफ्तार गाड़ी उन पर चढ़ा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

यह दर्दनाक घटना उत्तरी ओंटारियो के हर्स्ट क्षेत्र के पास हुई। पुलिस एक ऐसे युवक की तलाश कर रही थी, जो मानसिक स्वास्थ्य कानून के तहत अस्पताल की निगरानी से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश किए जाने पर आरोपी ने अपनी गाड़ी कांस्टेबल तरुण बाली पर चढ़ा दी। पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पूर्व नियोजित हत्या, पुलिस से बचकर भागने और खतरनाक ढंग से वाहन चलाने समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तरुण बाली पिछले ढाई वर्षों से ओंटारियो प्रांतीय पुलिस में सेवाएं दे रहे थे। बचपन से ही उनका सपना पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना था। उनकी शहादत से कनाडा के पुलिस विभाग और भारतीय-कनाडाई समुदाय में शोक की लहर है। ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

कनाडा भर में पुलिस इकाइयों ने शोक व्यक्त किया है और शहीद कांस्टेबल तरुण बाली के सम्मान में झंडे आधे झुका दिए गए हैं। उनकी बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

#Canada