भाजपा ने डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कमान

भाजपा आलाकमान ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। डॉ. अर्चना गुप्ता इस समय पूरे देश में भाजपा की एकमात्र महिला प्रदेशाध्यक्ष हैं। उन्हें हरियाणा की दूसरी महिला प्रदेशाध्यक्ष बनने का अवसर मिला है। इससे पहले डॉ. कमला वर्मा 1980 से 1983 तक हरियाणा भाजपा की पहली महिला प्रदेशाध्यक्ष रह चुकी हैं। डॉ. अर्चना गुप्ता को मोहन लाल बड़ौली के स्थान पर भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले डॉ. अर्चना गुप्ता बड़ौली की टीम में भाजपा की प्रदेश महासचिव के रूप में काम कर रही थीं। 58 वर्षीय डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से रेडियोलोजिस्ट हैं और उन्होंने पीजीआई रोहतक से एमडी की डिग्री हासिल की है। लम्बे समय से वह संगठन से जुड़ी हुई थीं। डॉ. अर्चना गुप्ता ने 2010 से 2016 तक विश्व हिंदू परिषद में जिला सह-संयोजिका, संयोजिका और हरियाणा की उपाध्यक्ष जैसी जिम्मेवारी निभाई। उन्होंने भाजपा की सक्रिय रूप से भूमिका निभाते हुए महिला मोर्चा में संगठनात्मक काम किया और 2019 के लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। उन्हें 2020 में भाजपा पानीपत ईकाई का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्हें 2024 में भाजपा का प्रदेश महासचिव बनाया गया। आम तौर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का कार्यकाल 3 वर्ष का होता है, लेकिन लम्बे समय से विवादों में घिरे रहे मोहन लाल बड़ौली को भाजपा आलाकमान ने 2 साल के बाद ही उनके पद से हटा दिया। भाजपा नेताओं का मानना है कि डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने से भाजपा की महिला आरक्षण की मुहिम को रफ्तार मिलेगी। 
डॉ. अर्चना गुप्ता किस्मत की धनी
वैसे भी डॉ. अर्चना गुप्ता किस्मत की धनी मानी जाती हैं। उनके अध्यक्ष बनने की कहानी भी काफी दिलचस्प बताई जा रही है। भाजपा की ओर से यह तो पहले से ही लगभग तय कर लिया गया था कि इस बार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेवारी अग्रवाल समाज के किसी नेता को दी जाएगी। इसी के चलते प्रदेशाध्यक्ष के लिए भाजपा आलाकमान के पास सिर्फ तीन नाम भेजे गए थे। पहला नाम पूर्व मंत्री असीम गोयल का और दूसरा नाम पलवल के पूर्व विधायक दीपक मंगला का था। इस सूची में तीसरा नाम डॉ. अर्चना गुप्ता का भेजा गया था। पूर्व मंत्री असीम गोयल और पूर्व विधायक दीपक मंगला में से किसे अध्यक्ष बनाया जाए, इसको लेकर फैसला नहीं हो पा रहा था। भाजपा आलाकमान ने बीच का रास्ता निकालते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंप दी। बताया जा रहा है कि प्रदेश भाजपा की नई अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता प्रदेश के ज्यादातर जिलाध्यक्षों व बूथ अध्यक्षों को उनके पद पर बनाए रखने की पक्षधर हैं और प्रदेश कमेटी को जरूर बदलाव करने के मूड में हैं। इसके साथ ही विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं, ताकि भाजपा के प्रदेश संगठन को नई ताकत दी जा सके। डॉ. अर्चना गुप्ता ने विधिवत् रूप से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेवारी संभाल ली है और उनके पदग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली से लेकर भाजपा के मंत्री, विधायक, सांसद, चेयरमैन और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। अब भाजपा की ओर से डॉ. अर्चना गुप्ता का प्रदेश भर के विभिन्न जिलों में अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है, ताकि उनकी नियुक्ति से महिला वर्ग व अग्रवाल समुदाय में एक विशेष संदेश दिया जा सके। 
कांग्रेस के निलंबित विधायक
राज्य सभा चुनाव में क्रास वोटिंग करने के आरोपों के चलते कांग्रेस से निलंबित किए गए पांचों विधायक अब खुल कर भाजपा नेताओं के साथ सरकारी मंचों पर नजर आने लगे हैं। प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा 9 परियोजनाओं के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्रियों, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों की जो सूची तैयार की थी, उनमें कांग्रेस के उन पांच बागी विधायकों को भी शामिल किया गया, जिन्हें कांग्रेस ने निलबिंत कर रखा है। इन कांग्रेसी विधायकों ने विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान न सिर्फ भाजपा सरकार के कामकाज की तारीफ की थी, वहीं कांगे्रस द्वारा विधानसभा परिसर की पार्किंग में संचालित समानांतर सत्र का भी विरोध किया था। इन विधायकों में नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, रतिया के विधायक जरनैल सिंह, सढौरा की विधायक रेणू बाला, पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास, हथीन के विधायक मोहम्मद इसरायल भी शामिल हैं। राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में इन पांचों कांग्रेसी विधायकों को भी विशेष अतिथि बनाया गया था। इन पांचों विधायकों को अब जिला प्रशासन भी सरकारी विधायकों की तरह मान-सम्मान देने लगा है और इनके कहने पर सरकारी विभागों में छोटे-मोटे काम भी होने लगे हैं। सढौरा की विधायक रेणू बाला के पति रिशिपाल चौधरी तो अब खुल कर भाजपा में शामिल हो गए हैं और उन्हें भाजपा में शामिल करने के लिए खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कांग्रेसी विधायक के पति रिशिपाल द्वारा रखे गए कार्यक्रम में शामिल हुए थे। 
बेहद सफल रहा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन के जोन-2 का हरियाणा विधानसभा चंडीगढ़ में आयोजित सम्मेलन बेहद सफल रहा और इस सम्मेलन में देश भर से अनेक विधानसभाओं के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के अलावा लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला व राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश के साथ-साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष सहित अनेक प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंदर कल्याण और उनकी टीम ने दिन-रात खूब मेहनत की थी। सम्मेलन में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, डिप्टी स्पीकर जयकिशन रोड़ी, दिल्ली के स्पीकर वजिंदर गुप्ता, हिमाचल के स्पीकर कुलदीप पठानिया, पश्चिमी बंगाल के स्पीकर रथिन्दर नाथ घोष, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, जम्मू कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर, उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, महाराष्ट्र विधान परिषद के चेयरमैन राम सिंह सिंघे भी शामिल रहे। इस तीन दिवसीय सम्मेलन को हर लिहाज से बेहद सफल माना जा रहा है।  हरियाणा के स्पीकर हरविंदर कल्याण ने जहां अन्य प्रदेशों से आने वाले विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और लोकसभा के स्पीकर और राज्य सभा के सभापति सहित सभी महानुभावों के ठहरने, खाने-पीने और अन्य व्यवस्थाओं का खुद बारीकी से इंतजाम देखा, वहीं उनका पूरा प्रयास इस बात पर भी रहा कि सम्मेलन जिस मकसद को लेकर रखा गया है, वह मकसद भी पूरा हो, ताकि संसदीय कार्यप्रणाली को ओर बेहतर बनाया जा सके और आने वाले मेहमानों को कहीं किसी भी स्तर पर कोई दिक्कत या परेशानी न हो। सम्मेलन में इस बात पर भी जोर दिया गया कि विभिन्न सदनों की कार्यवाही शोर-शराबे व व्यवधान से बाधित होने की बजाय लोकतंत्र में व्यापक चर्चा के साथ बिल पारित हो सकें और सभी सदन ज्यादा से ज्यादा रचनात्मक कार्य कर सकें। सम्मेलन के दौरान टैगोर थियेटर में आयोजित एक कार्यक्रम में अन्य सभी प्रमुख मेहमानों के अलावा पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी शामिल हुए। सम्मेलन में अन्य प्रदेशों से आए विभिन्न विधानसभा अध्यक्षों और सभापतियों ने समाज, शासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद होने व व्यापक परामर्श से जनहितैषी कार्यों को अमली जामा पहनाने पर बेहद जोर दिया।     

 -मो.-9855465946

#भाजपा ने डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कमान