शंभू रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामला: गुरजिंदर बाबा को NIA ने किया गिरफ्तार, 8 दिन की रिमांड पर भेजा
एसएएस नगर, 16 जून (कपिल वाधवा) – शंभू बैरियर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट मामले की जांच कर रही NIA ने मुख्य आरोपी गुरजिंदर सिंह उर्फ बाबा बेअंत को प्रोडक्शन वारंट पर पटियाला जेल से गिरफ्तार किया है। उसे NIA कोर्ट के स्पेशल (ड्यूटी) जज हरदीप सिंह की कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उसे 8 दिन के रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। रिमांड के दौरान जांच एजेंसी उससे पाकिस्तान और मलेशिया में बैठे विदेशी हैंडलर्स से उसके लिंक और साजिश के दूसरे पहलुओं के बारे में पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि 27 अप्रैल की रात को शंभू के पास स्पेशल फ्रेट कॉरिडोर के रेलवे ट्रैक पर IED ब्लास्ट हुआ था, जिसमें बम प्लांट करने आए तरनतारन के पंजवार गांव के रहने वाले जगरूप सिंह उर्फ रूपा की मौत हो गई थी। पंजाब पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की जांच के दौरान गुरजिंदर सिंह उर्फ बाबा बेअंत समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से हथियार, IED और ग्रेनेड भी बरामद किए गए। जांच में यह भी पता चला कि यह मॉड्यूल सरहिंद रेलवे ट्रैक ब्लास्ट और मोगा ग्रेनेड हमले से भी जुड़ा था, जिन्हें विदेशी ताकतों के इशारे पर पंजाब में आतंक फैलाने की साजिश का हिस्सा बताया जा रहा है।

