102 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में 11 अध्यक्ष पद होंगे आरक्षित
मंडी गोबिंदगढ़, 17 जून (मोहित सिंगला)पंजाब सरकार के स्थानीय निकाय विभाग द्वारा राज्य में संपन्न हुई 102 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के आम चुनावों के बाद अध्यक्ष पदों के आरक्षण संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। स्थानीय सरकार विभाग द्वारा सभी उपायुक्तों को भेजे गए पत्र के अनुसार विभिन्न नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षित श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जबकि शेष पद सामान्य (ओपन) वर्ग के लिए रखे गए हैं।
जारी विवरण के अनुसार नगर परिषद श्रेणी-1 में लालड़ू नगर परिषद के अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग के सदस्यों के लिए आरक्षित रखा गया है, जबकि मलेरकोटला नगर परिषद का अध्यक्ष पद महिलाओं (अनुसूचित जाति की महिलाओं सहित) के लिए आरक्षित किया गया है।
नगर परिषद श्रेणी-2 में पट्टी और फिल्लौर नगर परिषदों के अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के सदस्यों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसी प्रकार रायकोट और रामा नगर परिषदों के अध्यक्ष पद महिलाओं (अनुसूचित जाति की महिलाओं सहित) के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त समराला नगर परिषद के अध्यक्ष का पद पिछड़ा वर्ग के सदस्यों के लिए आरक्षित किया गया है।
नगर परिषद श्रेणी-3 में मजीठा नगर परिषद के अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग के सदस्यों के लिए आरक्षित रखा गया है, जबकि पायल नगर परिषद का अध्यक्ष पद महिलाओं (अनुसूचित जाति की महिलाओं सहित) के लिए आरक्षित किया गया है।
इसी प्रकार नगर पंचायतों में लोहियां खास नगर पंचायत के अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग के सदस्यों के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि मलूका नगर पंचायत का अध्यक्ष पद महिलाओं (अनुसूचित जाति की महिलाओं सहित) के लिए आरक्षित रखा गया है।

