ट्रक की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, पत्नी गंभीर घायल
एसएएस नगर, 7 जुलाई (कपिल वधवा)- मोहाली के जुझार नगर की मुख्य सड़क पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 75 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है।
मृतक की पहचान दौलत राम सैनी (75), निवासी जुझार नगर, के रूप में हुई है। वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) से सुपरिंटेंडेंट पद से सेवानिवृत्त थे। उनकी पत्नी कृष्णा देवी (68) हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, दंपति सेक्टर-39 वेस्ट से मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। जुझार नगर के पास बारिश के कारण सड़क पर जमा कीचड़ में बाइक फिसल गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
राहगीरों ने तुरंत दोनों को फेज-6 सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दौलत राम सैनी को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद कृष्णा देवी को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही बलौंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है तथा ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फेज-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

