दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं सायरा बानो, बोलीं- हमारा साथ सिर्फ जीवन नहीं, एक संपूर्ण सफर था


नई दिल्ली, 7 जुलाई  - हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा करते हुए अपने जीवनसाथी के साथ बिताए अनमोल पलों को याद किया और कहा कि दिलीप कुमार आज भी उनकी यादों और उनके प्रेम में जीवित हैं।

सायरा बानो ने इंस्टाग्राम पर दिलीप कुमार के साथ अपनी कई दुर्लभ और पुरानी तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, "जीवन की सबसे खूबसूरत बात यह है कि वह कभी पूरी तरह समाप्त नहीं होता। वह यादों में हमेशा जीवित रहता है। यादें समय की तरह साथ नहीं छोड़तीं, बल्कि हर मुस्कान, हर नजर और हर शब्द को फिर से जीवंत कर देती हैं।"

उन्होंने आगे लिखा, "मुझे अक्सर लगता है कि साहब इस दुनिया से विदा होने से पहले मुझे यादों का ऐसा अनमोल खजाना देकर गए हैं, जिसके सहारे मैं अपनी पूरी जिंदगी गुजार सकती हूं।"

#दिलीप कुमार