अमेरिका की भारतीय गैंगस्टरों पर बड़ी कार्रवाई, FBI ने 24 आरोपियों को किया गिरफ्तार
सैन फ्रांसिस्को, 8 जुलाई- अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) ने भारत, कनाडा और यूरोप में सक्रिय भारतीय मूल के संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय अभियान 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर हत्या, अपहरण, जबरन वसूली, गोलीबारी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर आरोप हैं।
जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपियों में लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े लोग भी शामिल हैं। अभियोजन पक्ष के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई पर भारत की जेल से अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन करने का आरोप है।
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 1,000 किलोग्राम कोकीन, 1 किलोग्राम हेरोइन, 40,000 डॉलर नकद और एक दर्जन हथियार बरामद किए गए हैं। साथ ही कैलिफोर्निया में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया और कई सर्च वारंट भी जारी किए गए।
जांच एजेंसियों का कहना है कि ये गिरोह अमेरिका, कनाडा और अन्य देशों में भारतीय समुदाय के लोगों को निशाना बनाकर जबरन वसूली, धमकी और अन्य संगठित अपराधों को अंजाम देते थे। मामले की जांच अभी जारी है और कई अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।



