राजस्थान में मानसून का कहर: जयपुर में सड़कें जलमग्न, धौलपुर में बाजार डूबे; 22 जिलों में येलो अलर्ट

 

नई दिल्ली, 29 जुलाई  - राजस्थान में बुधवार को मानसून ने रफ्तार पकड़ ली। राजधानी जयपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। जयपुर में दोपहर के समय करीब 35 मिनट तक हुई तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए, जबकि धौलपुर जिले के राजाखेड़ा कस्बे में बाजारों और निचले क्षेत्रों में पानी भर गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और कहा है कि 2 अगस्त तक सक्रिय मानसून बना रहेगा। विभाग के अनुसार 30 और 31 जुलाई को उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

जयपुर में तेज बारिश के चलते टोंक रोड, रामबाग, परकोटा क्षेत्र (चारदीवारी), अजमेरी गेट, 22 गोदाम और सी-स्कीम समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। जगतपुरा रोड पर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बस स्टॉप पर रुककर बारिश थमने का इंतजार किया।

#राजस्थान