राजस्थान: बस और ट्रॉले की भीषण टक्कर, 6 लोग जिंदा जले
जयपुर, 1 जुलाई: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक बस आगे चल रहे ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें 6 लोगों की जलकर मौत हुई, जबकि 2 लोगों की सिर में गंभीर चोट लगने से जान चली गई। हादसा सुबह करीब 2:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र में हुआ।
हादसे में 21 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ड्राइवर को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, यह भी दावा किया जा रहा है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे हुए थे और हादसे के बाद इमरजेंसी गेट नहीं खुल सका, जिससे कई यात्री बाहर नहीं निकल पाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

