आस्था और आत्म-शुद्धि का महापर्व है कांवड़ यात्रा
भारत की सांस्कृतिक परंपराओं में कुछ यात्राएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं होतीं, बल्कि वे समाज, संस्कृतिए अनुशासन और लोकजीवन की जीवंत पाठशाला भी बन जाती हैं। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा ऐसी ही एक अनूठी परंपरा है, जो हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के सूत्र में बांध देती है। 30 जुलाई 2026 से आरंभ हो रही कांवड़ यात्रा भी केवल गंगाजल लाकर शिवलिंग का अभिषेक करने की यात्रा नहीं है, बल्कि यह मन, वचन और कर्म की पवित्रता का सामूहिक संकल्प है।कांवड़ यात्रा का इतिहास भारतीय पुराणों और लोकमान्यताओं में गहराई से जुड़ा हुआ है। एक मान्यता के अनुसार समुद्र मंथन के समय निकले हलाहल विष को भगवान शिव ने अपने कंठ में धारण कर संसार की रक्षा की। विष की ज्वाला को शांत करने के लिए देवताओं ने विभिन्न पवित्र नदियों का जल लाकर उनका अभिषेक किया। तभी से शिव पर जल चढ़ाने की परंपरा का आरंभ माना जाता है।
एक अन्य पौराणिक कथा रावण से जुड़ी है। कहा जाता है कि उसने गंगाजल कांवड़ में भरकर भगवान शिव का अभिषेक किया था। परशुराम और भगवान श्रीराम से संबंधित लोककथाएं भी इस परंपरा को और अधिक प्राचीन बनाती हैं। यद्यपि इन कथाओं का ऐतिहासिक सत्यापन कठिन है, किंतु भारतीय समाज की सांस्कृतिक स्मृति में इनका विशेष स्थान है।
प्राचीन काल में कांवड़ यात्रा अत्यंत सरल और तपस्वी स्वरूप की होती थी। श्रद्धालु नंगे पांव लंबी दूरी तय करते, मार्ग में भजन-कीर्तन करते, संयमित जीवन जीते और किसी प्रकार का प्रदर्शन नहीं करते थे। उनके लिए यह यात्रा शरीर की नहीं, आत्मा की परीक्षा होती थी। कांवड़ केवल बांस की एक साधारण डंडी और दोनों ओर लटके जलपात्रों का नाम नहीं थी, बल्कि जीवन के संतुलन का प्रतीक थी। जिस प्रकार कांवड़ दोनों ओर समान भार से संतुलित रहती है, उसी प्रकार मनुष्य के जीवन में भी धर्म और कर्म, भक्ति, सेवा, अधिकार व कर्तव्य का संतुलन आवश्यक माना गया।
शास्त्रों में भगवान शिव को अत्यंत सरल और सहज देवता कहा गया है। वे आडंबर नहीं, बल्कि निष्कपट भाव से प्रसन्न होते हैं। इसलिए शिव पूजा में जल, बेलपत्र, धतूरा, आक और भस्म जैसी सहज उपलब्ध वस्तुओं का महत्व है। कांवड़ यात्रा का मूल संदेश भी यही है कि कठिन तप, संयम और सेवा के माध्यम से मनुष्य अपने भीतर के विकारों का परित्याग करे। स्कंद पुराण, शिव पुराण और विभिन्न आगम ग्रंथों में श्रावण मास के दौरान शिवोपासना के महत्व का उल्लेख मिलता है, जिसमें श्रद्धा, सात्विकता और आत्मसंयम को सर्वोपरि माना गया है।
समय के साथ कांवड़ यात्रा का स्वरूप भी बदला है। पहले जहां इसमें सीमित संख्या में साधक सम्मिलित होते थे, वहीं आज यह विश्व की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में गिनी जाती है। उत्तराखंड के हरिद्वार, गंगोत्री और गौमुख से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, बिहार, झारखंड और देश के अनेक भागों तक करोड़ों श्रद्धालु कांवड़ लेकर पहुँचते हैं। आधुनिक परिवहन, बेहतर सड़कें, चिकित्सा सुविधाएं, स्वयंसेवी संगठनों की सक्रियता तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं ने यात्रा को अधिक सुगम बनाया है।
इस यात्रा के अनेक सकारात्मक पक्ष भी हैं। यह समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती है। रास्ते भर लगने वाले नि:शुल्क शिविर, भोजन, चिकित्सा, जल और विश्राम की व्यवस्थाएं भारतीय समाज की अतिथि-सेवा और परोपकार की परंपरा का सुंदर उदाहरण हैं। अनेक युवा नशामुक्ति, स्वच्छता, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक संदेश भी कांवड़ यात्रा के माध्यम से प्रसारित करते हैं। यह यात्रा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति देती है और अनेक छोटे व्यापारियों तथा सेवा प्रदाताओं के लिए रोज़गार का अवसर बनती है।
किन्तु इसके साथ कुछ चिंताजनक प्रवृत्तियां भी सामने आई हैं। कहीं-कहीं धार्मिक आस्था की जगह प्रदर्शन, शक्ति-प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धा का भाव दिखाई देने लगा है। अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण, यातायात अवरोध, नियमों की अवहेलना, सड़क दुर्घटनाएं, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान तथा कुछ असामाजिक तत्वों की घुसपैठ जैसी घटनाएं यात्रा की मूल भावना को आहत करती हैं। डीजे और तेज संगीत के कारण भक्ति का वातावरण कई बार उत्सवधर्मिता से आगे बढ़कर शोर में बदल जाता है। सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की प्रवृत्ति भी कभी-कभी साधना की गंभीरता को कम कर देती है।
एक आदर्श कांवड़ यात्री का आचरण कैसा हो? इसका उत्तर हमारी परंपरा स्वयं देती है। उसे सत्य, संयम व सदाचार का पालन करना चाहिए। यात्रा के दौरान सात्विक भोजन, स्वच्छता, अनुशासन और शालीन व्यवहार बनाए रखना चाहिए। मार्ग में मिलने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान और सहयोग का भाव रखना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना, पर्यावरण को स्वच्छ रखना, प्लास्टिक का उपयोग कम करना, ध्वनि प्रदूषण से बचना और प्रशासनिक निर्देशों का सम्मान करना भी उसकी धार्मिक जिम्मेदारी है। कांवड़ यात्रा किसी दूसरे की असुविधा का कारण नहीं, बल्कि सबके लिए प्रेरणा का माध्यम बननी चाहिए। आवश्यकता इस बात की है कि हम कांवड़ यात्रा को केवल भीड़ का नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का पर्व बनाएं। तभी ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष केवल कानों में नहीं, बल्कि समाज के आचरण में भी गूंजेगा।



