रूस के बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूक्रेन की राजधानी कीव दहली, नौ लोगों की मौत
कीव, 1 अगस्त रूस ने शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला किया, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा के अनुसार, कीव के सोलोमियांस्की जिले में मलबा गिरने से पांच मंजिला रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। बचावकर्मियों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से 35 लोगों को सुरक्षित निकाला। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हुए हैं।
आपातकालीन सेवा ने बताया कि दारनित्स्की जिले में हमले के कारण मकानों, वाहनों, एक प्रशासनिक भवन और अन्य गैर-आवासीय इमारतों में आग लग गई तथा भारी नुकसान हुआ। इस इलाके में सात लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।
राजधानी के शेवचेंकिव्स्की जिले में भी आपातकालीन कर्मियों ने एक गैर-आवासीय इमारत में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, जिले के महापौर द्वारा पहले दी गई इस सूचना पर कि एक अन्य रिहायशी इमारत में कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, कोई नई जानकारी नहीं मिली है।
शहर के दो अन्य जिलों में भी व्यावसायिक और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है।

