भारतीय रेलवे का बदलता स्वरूप

भारतीय रेल को मात्र एक परिवहन प्रणाली कहना इसकी विशालता और प्रासंगिकता को सीमित करना होगा। यह भारत की जीवन रेखा, अर्थव्यवस्था की रीढ़ और सामाजिक-सांस्कृतिक एकता का सबसे बड़ा सूत्रधार है। प्रतिदिन करोड़ों यात्रियों को उनकी मंज़िलों तक पहुंचाने और लाखों टन माल की ढुलाई करने वाली भारतीय रेल आज एक ऐतिहासिक बदलाव के दौर से गुज़र रही है। परम्परागत भाप व डीज़ल इंजनों से शुरू हुआ यह सफर आज विद्युतीकरण और अब स्वदेशी ‘हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक’ तक पहुंच चुका है। हाल ही में 17 जुलाई, 2026 को हरियाणा में जींद-पानीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन चालित ट्रेन के  व्यावसायिक परिचालन की शुरुआत ने न केवल देश के रेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है, बल्कि भारत को दुनिया के उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में ला खड़ा किया है जो शून्य-उत्सर्जन हरित परिवहन का नेतृत्व कर रहे हैं।
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन केवल धातु और तकनीक का एक ढांचा नहीं है, बल्कि यह भारत के आत्मनिर्भर संकल्प, वैज्ञानिक प्रगति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक है। जैसे-जैसे यह तकनीक परिपक्व होगी और देश भर के अन्य मार्गों पर इसका विस्तार होगा, भारतीय रेल न केवल यात्रा को सुगम बनाएगी बल्कि ‘विकसित भारत-2047’ के सपने को साकार करने में सबसे सशक्त माध्यम सिद्ध होगी। देश में पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरु करके भारत अब इस प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जर्मनी, जापान, चीन और अमरीका जैसे तकनीकी रूप से उन्त देशों के विशिष्ट वैश्विक क्लब में आधिकारिक रूप से शामिल हो गया है। जर्मनी ने विश्व की पहली व्यावसायिक हाइड्रोजन ट्रेन चलाई थी। भारत का ध्यान अब इस तकनीक को स्वदेशी शोध और स्थानीय विनिर्माण द्वारा अत्यंत किफायती बनाने पर केंद्रित है। इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि भारत अब जटिल तकनीकों के आयात पर निर्भर रहने के बजाय उन्हें स्वयं विकसित करने में सक्षम है। वैसे भी भारतीय रेल के लगभग 68 हज़ार किमी से अधिक रूट के साथ दुनिया के चौथे सबसे बड़े नेटवर्क में शुमार है, जहां प्रतिदिन 2.2 से 2.5 करोड़ यात्री ट्रेनों में यात्रा करते हैं। 
हाइड्रोजन ट्रेन में प्रोटॉन एक्सचेंज मेम्ब्रेन (पीईएम) फ्यूल सेल लगे होते हैं। ट्रेन पर रखे सिलेंडर से मिलने वाली हाइड्रोजन गैस और हवा से ली गई ऑक्सीजन के बीच फ्यूल सेल के भीतर एक नियंत्रित रासायनिक अभिक्रिया होती है। इस अभिक्रिया से सीधे विद्युत ऊर्जा उत्पन्न होती है, जिससे ट्रेन की ट्रैक्शन मोटर चलती है। खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया का एकमात्र उप-उत्पाद जलवाष्प और ऊष्मा है। ट्रेन के टेलपाइप से धुआं, कार्बन डाइऑक्साइड या नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी विषैली गैसें बिल्कुल नहीं निकलतीं। भारतीय रेलवे की अत्याधुनिक तकनीक के साथ देश में हाईस्पीड ट्रेनों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। मालवाहक ट्रेनों के अलग से ट्रेक तैयार किये जा रहे हैं। देश में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पश्चिमी और पूर्वी फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से मालगाड़ियों की औसत गति दोगुनी हुई है और रसद लागत में उल्लेखनीय गिरावट आई है। भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत देश में अब तक 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ कायाकल्प किया जा चुका है। हाइड्रोजन ट्रेन की परिक्लपना के तहत हरित रेलवे 2030 विजन में नेट-जीरो का संकल्प के साथ भारतीय रेल का लक्ष्य वर्ष 2030 तक शून्य शुद्ध कार्बन उत्सर्जक बनना है। शतप्रतिशत बायो-टॉयलेट और जीरो-डिस्चार्ज को लेकर ट्रेनों के कोचों में 2 लाख से अधिक बायो-टॉयलेट स्थापित कर पटरियों को स्वच्छ और जंग-मुक्त बनाया गया है। 
चुनौतियां : यद्यपि हाइड्रोजन ट्रेन एक क्रांतिकारी उपलब्धि है, किंतु इसके व्यापक विस्तार के मार्ग में कुछ चुनौतियां भी विद्यमान हैं। मसलन ग्रीन हाइड्रोजन की उत्पादन लागत के हिसाब से वर्तमान में ग्रीन हाइड्रोजन का निर्माण डीज़ल या बिजली की तुलना में अधिक खर्चीला है। हालांकि, भारत के ‘राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन’ से आने वाले वर्षों में इसकी लागत में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। (युवराज)

#भारतीय रेलवे का बदलता स्वरूप