प्रशिक्षण के दौरान रनवे से बाहर निकला विमान VT-SEK
बारामती (पुणे), 9 अगस्त- पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान एक विमान VT-SEK बारामती एयरफील्ड पर रनवे से बाहर निकल गया। इस दौरान विमान में कैप्टन चिराग शशिकांत डोईफोड और कैडेट अभिजीत जांद्रे सवार थे। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
एसपी के अनुसार, विमान शुरू में लिंक ब्रावो के जरिए रनवे पर पहुंचा और रनवे-29 की थ्रेशहोल्ड पर खड़ा किया गया, जहां टेक-ऑफ को बीच में ही रद्द कर दिया गया। इसके बाद विमान को रनवे-11 की थ्रेशहोल्ड पर ले जाया गया, जहां दोबारा टेक-ऑफ रोक दिया गया।
इस अभ्यास के दौरान विमान रनवे पर पूरी तरह रुक नहीं सका और रनवे-29 के शुरुआती हिस्से से आगे निकल गया। इसके बाद विमान रनवे-29 की थ्रेशहोल्ड से आगे दाईं ओर बनी पक्की सतह से फिसलकर बाहर निकल गया।
घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। राहत की बात यह है कि विमान में सवार दोनों लोगों के सुरक्षित होने की सूचना है।

