राहुल गांधी का रिजिजू पर वार—“बच्चों पर लाठी चलाओ, फिर बोल दो कि कुछ हुआ ही नहीं”

नई दिल्ली, 18 अगस्त - कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने दिल्ली पुलिस की तारीफ करते हुए दावा किया था कि किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा; किसी की भी हड्डी नहीं टूटी। गंभीर चोट के कारण कोई भी प्रदर्शनकारी अस्पताल में भर्ती नहीं है। इस पर राहुल गांधी ने सरकार पर छात्रों के साथ कथित बर्बरता को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि देश के बच्चों से झूठ नहीं बोलना चाहिए, क्योंकि उनके पास आंखें भी हैं और याददाश्त भी।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मोदी सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि “दिल्ली पुलिस की तारीफ करनी चाहिए।” उन्होंने सवाल किया कि संसद से महज आधा किलोमीटर दूर शांतिपूर्ण छात्रों पर पैलेट गन और कील लगी लाठियां चलाने, एक बच्चे की आंख जाने और एक बच्ची का कान कटने की घटना की तारीफ कैसे की जा सकती है।

#राहुल गांधी
# रिजिजू