तिरंगे को बचाने में मौत: गंगा के तेज बहाव में सोएब के साथ हादसा
चंदाैली, 24 अगस्त - बलुआ थाना क्षेत्र के बड़गावा गांव में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की रक्षा करने के प्रयास में 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गंगा के तेज बहाव में बह रहे तिरंगे को सुरक्षित निकालने के लिए युवक पानी में उतर गया, लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण संतुलन बिगड़ने से डूब गया। साथियों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक सोएब खान सेवानिवृत्त फौजी जुबेर खान का छोटा बेटा था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। एनडीआरएफ, एसएससी, यूपी पुलिस और यूपीएसआई में भर्ती के लिए वह नियमित रूप से शारीरिक प्रशिक्षण और दौड़ करता था। गांव के युवाओं के साथ वह गंगा के रेतीले तट पर रोज सुबह अभ्यास के लिए जाता था।
परिजनों के अनुसार, सोएब 16 अगस्त को अपनी बहन को लेकर घर लौटा था। गांव के युवाओं ने गंगा के रेतीले तट पर तिरंगा फहराया था। शनिवार रात तेज बारिश के बाद गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर तिरंगा बहने लगा। रविवार 17 अगस्त को सोएब ने तिरंगे को बचाने के लिए गंगा में उतरने का फैसला किया।

