बिहार: मुंगेर में गंगा का रौद्र रूप! कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
मुंगेर, 27 अगस्त - गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से जिले में बाढ़ का संकट गहराने लगा है। गंगा पार के दियारा क्षेत्रों के साथ-साथ निचले इलाकों में भी बाढ़ का पानी फैल गया है। कई गांवों में घरों और मुख्य मार्गों तक पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
सदर प्रखंड की कुतलुपुर पंचायत के वार्ड संख्या तीन स्थित बाबू राम सिंह टोला में गंगा के तेज कटाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार दोपहर से कटावरोधी कार्य शुरू कराया। पंचायत चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गई है। मुख्य सड़क पर पानी जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से गांव में बाढ़ का पानी लगातार फैल रहा है। इसके बावजूद प्रभावित लोगों के लिए नाव सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इससे ग्रामीणों को जरूरी सामान लाने और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

