पिंजौर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत

पिंजौर, 30 अगस्त (कपिल) - पिंजौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमरावती चौकी के सूरजपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जितेंद्र (22) और मुकेश (32) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में चाचा-भतीजा थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक काम खत्म करने के बाद बाइक पर सवार होकर पिंजौर की रतपुर कॉलोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर के पास एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही अमरावती चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।
मामले के जांच अधिकारी चिरंजी लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान चश्मदीदों के बयानों के अनुसार एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मारी थी। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा अब हादसे वाली जगह और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर टक्कर मारने वाली गाड़ी और उसके चालक की पहचान जल्द कर ली जाएगी। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार करने के लिए जांच तेज कर दी है।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

#पिंजौर