मोहाली : सेक्टर 80 में सैलून के बाहर चली गोली

एस.ए.एस. नगर, 2 सितंबर (कपिल वधवा/भूपिंदर सिंह बब्बर) - थाना सोहाना के अधीन पड़ते इलाके में सी.पी.-67 के सामने स्थित हेयर मास्टर सैलून पर बुधवार रात फायरिंग की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों द्वारा सैलून के शीशे को निशाना बनाते हुए एक राउंड फायर किया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जबकि गोली के निशान सैलून के कांच पर दिखाई दिए।

इस संबंध में बातचीत करते हुए थाना सोहाना के एस.एच.ओ. सिमरजीत सिंह ने बताया कि घटना करीब 8.20 बजे हुई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी तरह की धमकी मिलने संबंधी कोई पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और सी.सी.टी.वी. फुटेज समेत अन्य सबूत एकत्र किए जा रहे हैं। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस द्वारा फिलहाल इस संबंध में अधिक जानकारी साझा नहीं की गई।

बताया जाता है कि सैलून के संचालकों को पहले धमकी भरे कॉल आने की बातें भी सामने आ रही हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। पुलिस द्वारा फायरिंग करने वाले व्यक्तियों की पहचान के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

#मोहाली : सेक्टर 80 में सैलून के बाहर चली गोली