बीबा हरसिमरत कौर बादल ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री की रिहायश के बाहर दी गिरफ्तारी

चंडीगढ़, 5 सितंबर- बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल (ब) की सांसद बीबा हरसिमरत कौर बादल के नेतृत्व में स्त्री अकाली दल की हजारों महिलाओं ने आज मुख्यमंत्री भगवंत मान की रिहायश की ओर रोष मार्च किया। उन्होंने मांग की कि दुष्कर्म की पीड़ित दो महिलाओं की इज्जत का 5 करोड़ रुपये में सौदा करने के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दें और उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।

पुलिस ने भारी बैरिकेड लगाकर बठिंडा की सांसद के साथ-साथ विधायक गनीव कौर मजीठिया और स्त्री अकाली दल की अध्यक्ष हरगोबिंद कौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को रोक दिया। पुलिस ने महिलाओं को मुख्यमंत्री की रिहायश की ओर जाने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने मौके पर ही धरना देकर अपनी गिरफ्तारियां दीं। वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बावजूद महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए जोरदार ढंग से अपना विरोध जारी रखा।

स्त्री अकाली दल की कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीबा हरसिमरत कौर बादल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है, जहां उनकी पत्नी दुष्कर्म की पीड़ित दो महिलाओं के मामलों को रफा-दफा करवाने के लिए करोड़ों रुपये की रिश्वत ले रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सामने आई ऑडियो टेपों और अन्य सबूतों से कथित तौर पर पता चलता है कि गुरप्रीत कौर मान के रिश्तेदार ने दुष्कर्म के आरोपी और मीडिया इन्फ्लुएंसर गुरी चहल के साथ पांच करोड़ रुपये में सौदा किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि गुरप्रीत कौर मान के रिश्तेदार अमरदीप ग्रेवाल ने मुख्यमंत्री की पत्नी के साथ एक रेस्टोरेंट में बैठकर कथित तौर पर सौदेबाजी की और इसकी तस्वीर भी सामने आई है।

बीबा बादल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पंजाब में माताओं और बेटियों के सम्मान में विश्वास नहीं करती, बल्कि दुष्कर्म के आरोपियों को बचाने के लिए उनका साथ दे रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को अमृतसर जेल से पटियाला जेल में स्थानांतरित करने और बाद में अस्पताल भेजने का भी कथित तौर पर भरोसा दिया गया था।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री की पत्नी के साथ कथित सौदे के बाद आरोपी को दो महीने में ही रिहा कर दिया गया और वह अमेरिका भाग गया।

सांसद ने सल्फास की गोलियों का पैकेट दिखाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा और कहा कि उन्होंने दावा किया था कि यदि उन्होंने या उनके परिवार के किसी सदस्य ने एक रुपये की भी रिश्वत ली तो उससे पहले वे सल्फास खा लेंगे। उन्होंने सवाल किया कि अब क्या हुआ।

बीबा हरसिमरत कौर बादल ने चेतावनी दी कि यदि गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार नहीं किया गया तो अकाली दल पूरे पंजाब में जन आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने मांग की कि मामले के अन्य सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाए और दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ मामले रद्द करने तथा उन्हें रिहा करने की कथित रिपोर्ट देने वाले पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त किया जाए।

बीबा बादल ने दुष्कर्म पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बल तैनात करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि उन्होंने मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ शिकायतें दर्ज करवाई हैं और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पांच महिलाओं ने व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री को आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन मामले में कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने मांग की कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने दुष्कर्म के आरोपियों का कथित तौर पर साथ क्यों दिया।

इस दौरान स्त्री अकाली दल की अध्यक्ष हरगोबिंद कौर और गनीव कौर मजीठिया ने लोगों को चेतावनी दी कि यह आग उनके घरों तक भी पहुंच सकती है। उन्होंने पंजाबियों से महिलाओं के खिलाफ होने वाली ज्यादतियों के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ाई लड़ने और मुख्यमंत्री कार्यालय व रिहायश में कथित भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम करने की अपील की।

#बीबा हरसिमरत कौर बादल ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री की रिहायश के बाहर दी गिरफ्तारी