पंचकूला: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने किया थानों-चौकियों का औचक निरीक्षण
पंचकूला, 8 सितंबर (कपिल)- पंचकूला में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस चौकियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-20 थाना, साइबर क्राइम थाना, सेक्टर-19 चौकी तथा सेक्टर-21 चौकी का दौरा कर पुलिस की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था, रिकॉर्ड तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित प्रबंधों का मौके पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने थाना एवं चौकी परिसर में चलाए जा रहे सफाई अभियान की भी समीक्षा की। वह स्वयं थाने की छत पर पहुंचे और सफाई व्यवस्था की जांच की। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने छतों, नालियों तथा परिसर के किसी भी हिस्से में पानी जमा न होने देने के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर ने थाना परिसर में बने घोड़ों के अस्तबल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घोड़ों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने तथा अस्तबल में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने थानों एवं चौकियों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों, रिकॉर्ड व्यवस्था, कार्यालयों तथा अन्य प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से थाना परिसरों में खड़े लावारिस एवं जब्त वाहनों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ऐसे वाहनों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए, ताकि थाना परिसर में अनावश्यक जगह न घिरे और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
पुलिस कमिश्नर ने थानों एवं चौकियों में तैनात पुलिस कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था तथा पुलिसिंग से संबंधित मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारी अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। लोगों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए और पुलिस के प्रति आमजन के विश्वास को और मजबूत किया जाए।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को थानों एवं चौकियों में व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग केवल अपराधों पर नियंत्रण तक सीमित नहीं है। साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित पुलिस परिसर, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा आमजन की शिकायतों का समय पर निपटारा भी बेहतर पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।





