सब्जियों की आड़ में 25 लाख की अवैध शराब बरामद, चंडीगढ़ से गुजरात भेजी जा रही थी खेप

पंचकूला, 8 सितंबर (कपिल)- अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच-3 पंचकूला ने सेक्टर-1 स्थित सूरज सिनेमा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर से 564 पेटियां अवैध शराब बरामद कर चालक राकेश कुमार निवासी जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राकेश कुमार चंडीगढ़ से अवैध शराब लोड कर कंटेनर के जरिए पंचकूला होते हुए आगे जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज सिनेमा की ओर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की। पुलिस नाका देखकर चालक ने कंटेनर को भगाने का प्रयास किया और उसे पार्किंग की ओर मोड़ दिया, लेकिन क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने पीछा कर उसे काबू कर लिया।
जांच के दौरान कंटेनर के आगे सब्जियों की प्लास्टिक क्रेटें रखी मिलीं, जबकि पीछे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। चालक शराब संबंधी कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने अंग्रेजी व देसी शराब सहित बीयर की कुल 564 पेटियां, 15 प्लास्टिक क्रेटें और कंटेनर को कब्जे में ले लिया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि इस संबंध में थाना सेक्टर-7 में आरोपी के खिलाफ हरियाणा आबकारी संशोधित अधिनियम की धारा 61(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब चंडीगढ़ से गुजरात भेजी जानी थी। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान शराब कहां से लाई गई, किसके कहने पर लोड की गई और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी, इस संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं।

#सब्जियों की आड़ में 25 लाख की अवैध शराब बरामद
# चंडीगढ़ से गुजरात भेजी जा रही थी खेप