मातम में बदलीं गणेश विसर्जन की खुशियां: ओडिशा के 5 जिलों में नदी-तालाबों में डूबे श्रद्धालु, 9 शव बरामद
भुवनेश्वर, 17 सितंबर - ओडिशा में गणेश चतुर्थी उत्सव के समापन पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य के अलग-अलग जिलों में नदियों, तालाबों और जल निकायों में डूबने की 14 दुखद घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में कम से कम 9 लोगों की असमय मौत हो गई जबकि फायर ब्रिगेड और बचाव कर्मियों ने 7 लोगों को डूबने से बचा लिया है।
5 जिलों से आई हादसों की खबर
फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार, ये दर्दनाक हादसे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से सामने आए हैं: गंजाम जिला (हिंजिलिकट), सुंदरगढ़ जिला, भद्रक जिला, कोरापुट जिला, कालाहांडी जिला।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने या संतुलन बिगड़ने के कारण श्रद्धालु पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए। वहीं हादसों की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ओडिशा आपदा त्वरित प्रतिक्रिया बल (ODRAF) और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत राहत व बचाव अभियान शुरू किया। गोताखोरों की मदद से 9 शवों को पानी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बचाए गए 7 लोगों को तत्काल पास के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पानी में बहे एक लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलाशयों के पास सतर्कता बढ़ा दी है।

