पंचकूला पुलिस ने 7 साल पुराने डकैती-हत्या मामले के आरोपी को दिल्ली से दबोचा, 25 हजार का था इनाम
पंचकूला, 26 सितंबर (कपिल)- पंचकूला पुलिस ने 2019 के डकैती और हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विनय कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी नंद नगरी, उत्तरी दिल्ली के रूप में हुई है। वह अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 30 जनवरी 2019 का है। सेक्टर-20 पंचकूला स्थित एक प्रॉपर्टी एवं फाइनेंस कार्यालय में कुछ लोग मौजूद थे। इसी दौरान हथियारबंद नकाबपोश बदमाश कार्यालय में घुसे और हवाई फायरिंग करते हुए नकदी व आभूषण लूटने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे। मामले में हत्या, डकैती और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
एसीपी क्राइम अमन कुमार ने बताया कि जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उनके कब्जे से हथियार, वाहन और लूटी गई संपत्ति भी बरामद की गई थी। हालांकि विनय कुमार लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 24 नवंबर 2021 को अदालत ने भगोड़ा घोषित किया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
गुप्त सूचना मिलने के बाद इंचार्ज मनोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिल्ली में कार्रवाई कर विनय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग ठिकानों पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपी की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

