नमो क्रिकेट लीग में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेला क्रिकेट, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
पंचकूला, 2 अक्टूबर (सुरेंद्र गोयल) - सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित नमो टेनिस बॉल क्रिकेट लीग-2026 में शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने से खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और स्वयं क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों के साथ समय बिताया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के पंचकूला पहुंचने पर सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों ने परेड ग्राउंड में पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद ट्रस्ट के सदस्य मुख्यमंत्री को सम्मानपूर्वक ताऊ देवी लाल स्टेडियम तक लेकर पहुंचे, जहां खिलाड़ियों, आयोजकों और दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत में सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रवक्ता मुकेश सिंगला, नरेश गोयल, नरेश सांवरा, अनुराधा पुरी, अक्षय कौशिक, राकेश गर्ग, अमन मोगा, विवेक सैनी, अजय चौधरी, अंशुल, हिमांशु सूद और पंकज विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने स्वयं क्रिकेट खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
ताऊ देवी लाल स्टेडियम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और स्वयं क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को क्रिकेट खेलते देखकर मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा जोश देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ खेल भावना के साथ समय बिताया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और जरूरत है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच मिले। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग में देशभर से खिलाड़ियों का शामिल होना उत्साहजनक है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना, मेहनत और निरंतर आगे बढ़ने का जज्बा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और अपने क्षेत्र तथा देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि देशभर के युवाओं को एक मंच पर लाकर उनकी प्रतिभा को अवसर देना और उन्हें खेलों के साथ जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि लीग में बड़ी संख्या में टीमों और खिलाड़ियों की भागीदारी युवाओं के खेल के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देते हैं। नमो क्रिकेट लीग के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया जा रहा है।
सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रवक्ता मुकेश सिंगला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पंचकूला आगमन और नमो क्रिकेट लीग में पहुंचकर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलना सभी के लिए उत्साह बढ़ाने वाला क्षण रहा।
उन्होंने कहा कि परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करने के बाद उन्हें ताऊ देवी लाल स्टेडियम तक लेकर आना ट्रस्ट के सदस्यों के लिए विशेष सम्मान की बात रही। मुख्यमंत्री ने जिस आत्मीयता के साथ खिलाड़ियों से मुलाकात की और क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया, उससे खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध करवाना और युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना है।
नमो क्रिकेट लीग में देशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी और टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजकों के अनुसार, लीग के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, उभरती प्रतिभाओं को अवसर देने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का परेड ग्राउंड में स्वागत, उनके ताऊ देवी लाल स्टेडियम पहुंचने और स्वयं क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने से नमो क्रिकेट लीग का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

