यूएई: कैप्टन स्मित मच्छार से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस हमदान
दुबई, 3 अक्टूबर - दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की हालत में अब सुधार हो रहा है। अबूधाबी के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि स्मित मच्छर अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं और उन्हें बेहतरीन चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। दूतावास ने कहा कि वह पायलट के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए हरसंभव मदद कर रहा है।
कैप्टन स्मित मच्छर से मिलने शनिवार को दुबई के क्राउन प्रिंस और संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पायलट से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके साहस की सराहना की। मुलाकात के बाद शेख हमदान ने सोशल मीडिया पर कहा कि स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति चिंता की सर्वोच्च मिसाल पेश की है। क्राउन प्रिंस ने कहा कि यूएई के नेतृत्व की ओर से स्मित मच्छर को पूरा सम्मान और प्रशंसा दी जाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित उनकी टीम, उनके देश की कहानी और यूएई के मूल्यों का हिस्सा हैं। उन्होंने यूएई को करुणा, शांति और जीवन की रक्षा करने वाला देश बताया। मुलाकात के दौरान शेख हमदान ने स्मित से बातचीत की और उन्हें गले भी लगाया।

