मनाली पहुंची राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, बाहंग हेलीपैड पर सांसद कंगना रनौत और विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने किया स्वागत
मनाली, 6 अक्टूबर (नरेंद्र अंगारिया) - राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मंगलवार दोपहर मनाली पहुंची । डीजीआरई हैलीपैड बाहंग में जिला प्रशासन सहित सांसद कंगना रनौत और विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने राष्ट्रपति का मनाली पहुंचने पर स्वागत किया । हेलीपैड से लेकर सर्किट हाउस मनाली तक राष्ट्रपति का काफिला गुजरने तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। राष्ट्रपति का काफिला देखने के लिए मनाली के अटल चौक पर संकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही । अटल चौक मनाली से गुजरते हुए राष्ट्रपति ने उनके दीदार के लिए पहुंचे लोगों का गाड़ी के अंदर से ही हाथ हिलाकर अभिवादन किया । सर्किट हाउस मनाली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राष्ट्रपति ने दोपहर के भोजन के बाद आराम किया । आज राष्ट्रपति अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी और अटल टनल का निरीक्षण करने के साथ ही सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों के टनल की जानकारी लेंगी । अटल टनल रोहतांग से लौटने के बाद दोपहर के भोजन के बाद कुछ आराम करने के पश्चात राष्ट्रपति देवी हिडिंबा मंदिर जाएंगी और पूजा अर्चना के बाद माता का आशीर्वाद लेंगी । अटल टनल रोहतांग और हिडिंबा मंदिर दर्शन के राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जो ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी उसमें पर्यटकों और आम वाहनों के लिए अटल टनल की 7 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे से सिस्सू की ओर से मनाली आने वाले सामान्य वाहनों को अटल टनल से आने की अनुमति नहीं होगी। जबकि ये वाहन रोहतांग दर्रा होकर आवाजाही कर सकते हैं। सुबह 8:30 बजे से: मनाली से अटल टनल की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित नाकों पर रोक दिया जाएगा। सुबह 9:10 बजे: राष्ट्रपति का काफिला मनाली से अटल टनल के लिए रवाना होगा। इसके बाद पलचान से आगे अटल टनल की ओर केवल छोटे और आपातकालीन वाहनों को अनुमति होगी। सामान्य और पर्यटक वाहनों की आवाजाही की बहाली राष्ट्रपति के काफिले की वापसी और सुरक्षा व्यवस्था सामान्य होने के बाद की जाएगी। 7 अक्टूबर बुधवार को दोपहर बाद लगभग 2 बजे तक अटल टनल की ओर प्रतिबंध रहने की संभावना है। जबकि 3 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक हिडिंबा मंदिर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को मानालसु चौक, घटोत्कच मंदिर, हिडिंबा चौक रामबाग मनाली और लॉग हट्स चौक पर रोका जाएगा । इसलिए प्रशासन ने पर्यटकों के लिए सलाह दी है कि 7 अक्टूबर को सुबह से दोपहर 2 बजे तक अटल टनल की यात्रा न रखें और यात्रा से पहले स्थानीय ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

