सीमा पार तस्करी मॉड्यूल से जुड़ी महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, 7 किलो से अधिक हेरोइन बरामद
पठानकोट, 14 अक्टूबर (विनोद)- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के दौरान पठानकोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सीमा पार से हेरोइन तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 7.823 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पठानकोट के एसएसपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि दो चरणों में की गई कार्रवाई के दौरान यह बरामदगी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर ग्रामीण के गांव वडाला निवासी गुरपंथ और उसकी साथी हरमनजीत कौर निवासी ध्यानपुर, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है।
एसएसपी ने कहा कि नशे के बड़े नेटवर्क का पता लगाने, वित्तीय लेन-देन की जांच करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए डिजिटल और तकनीकी विश्लेषण सहित आगे की जांच जारी है।
दो चरणों में हुई पुलिस कार्रवाई
एसएसपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर स्पेशल ब्रांच पठानकोट की टीम ने संदिग्ध गुरपंथ को रोककर उसके कब्जे से 590 ग्राम हेरोइन बरामद की।
उससे लगातार पूछताछ और मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच के बाद पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फतेहगढ़ चूड़ियां में एक किराये के मकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान गुरपंथ की महिला साथी हरमनजीत कौर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मकान से 7.233 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। इस तरह दोनों कार्रवाइयों में कुल 7.823 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।
पाकिस्तान से जुड़े होने के मिले संकेत
एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में तस्करी के सीमा पार संबंध सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, मौके से पाकिस्तान की पहचान वाले विशेष निशान लगे पैकेट भी बरामद हुए हैं।
आरोपियों के डिजिटल और तकनीकी संपर्कों की जांच की जा रही है। इसके अलावा वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों से जुड़ी जानकारी और तस्करी की खेपों से संबंधित वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों के आधार पर मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

