फिटनेस ट्रेनर बनें और बनाएं करियर
आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में फिट रहना केवल शौक नहीं बल्कि ज़रूरत बनता जा रहा है। वजन नियंत्रित करना हो, मांसपेशियां मजबूत बनानी हों, स्टैमिना बढ़ाना हो या व्यस्त दिनचर्या के बीच सक्रिय रहना हो- लोग अपनी फिटनेस को लेकर पहले से अधिक जागरूक हैं। इसी के साथ जिम, फिटनेस स्टूडियो, स्पोर्ट्स अकादमी और ऑनलाइन पर्सनल ट्रेनिंग की दुनिया में प्रशिक्षित फिटनेस ट्रेनरों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो रही है। यदि आपको खेलकूद, व्यायाम और लोगों को स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करने में रुचि है, तो 12वीं के बाद फिटनेस ट्रेनर बनना एक आकर्षक करियर विकल्प हो सकता है। इस क्षेत्र में नौकरी, स्वतंत्र प्रशिक्षण और अपना फिटनेस कारोबार शुरू करने तक के रास्ते उपलब्ध हैं, आइये ये सब सिलसिलेवार ढंग से समझते हैं।
फिटनेस ट्रेनर का काम क्या है?
फिटनेस ट्रेनर का काम केवल जिम में व्यायाम करानाभर नहीं है। उसे क्लाइंट की उम्र, फिटनेस स्तर, लक्ष्य और अनुभव के अनुसार व्यायाम की योजना बनानी होती है। सही तकनीक सिखाना, वार्म-अप और कूल-डाउन कराना, उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल समझाना और प्रगति का रिकॉर्ड रखना भी उसके काम का हिस्सा होता है। कुछ ट्रेनर सामान्य फिटनेस पर ध्यान देते हैं, जबकि कुछ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, वजन प्रबंधन, वरिष्ठ नागरिकों की फिटनेस या खेल प्रदर्शन जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता विकसित करते हैं। हालांकि चिकित्सा संबंधी समस्याओं का निदान करना या डॉक्टर और योग्य आहार विशेषज्ञ के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सलाह देना फिटनेस ट्रेनर का काम नहीं है।
ज़रुरी योग्यता और पाठ्यक्रम
फिटनेस ट्रेनर बनने के लिए अनिवार्य रूप से किसी एक विशेष डिग्री की ज़रुरत नहीं होती, लेकिन पेशेवर प्रशिक्षण और मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र नौकरी पाने तथा ग्राहकों का भरोसा जीतने में मदद करते हैं। 12वीं के बाद इच्छुक युवा किसी प्रतिष्ठित संस्थान से फिटनेस ट्रेनिंग या पर्सनल ट्रेनिंग का सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं। कुछ संस्थान व्योहारिक डिप्लोमा भी देते हैं। खेल विज्ञान, शारीरिक शिक्षा या संबंधित विषयों में आगे की पढ़ाई करने से करियर के अतिरिक्त विकल्प खुल सकते हैं। कोर्स चुनने से पहले यह जांचें कि उसमें एनाटोमी, एक्सरसाइज, फिजियोलॉजी, वर्कआउट, प्रोग्रामिंग, नुट्रीशन व फंडामेंटल प्रैक्टिकल सेशंस और इमरजेंसी रेस्पोंस की शिक्षा दी जाती है या नहीं। प्रमाणपत्र की मान्यता,परीक्षा की प्रक्त्रिया और प्लेसमेंट संबंधी दावों की भी पुष्टि करें।
व्यायाम विज्ञान को समझें
एक अच्छे फिटनेस ट्रेनर को मानव शरीर की बुनियादी संरचना और मांसपेशियों के काम करने का तरीका समझना होता है। उसे यह जानना होता है कि अलग-अलग व्यायाम शरीर के किन हिस्सों को प्रभावित करते हैं और व्यायाम की तीव्रता किस तरह बढ़ाई या घटाई जाती है। इसके साथ सही पोश्चर, ब्रीथिंग टेकनीक तथा रिपिटेशन सेट, रेस्ट पीरियड्स तथा प्रोग्रेशिव ओवरलोड्स की समझ ज़रुरी है। किसी क्लाइंट को केवल कठिन व्यायाम कराना पर्याप्त नहीं; उसे सुरक्षित और लक्ष्य के अनुरूप प्रशिक्षण देना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
सीखें सीपीआर और प्राथमिक उपचार
फिटनेस सेंटर में कभी-कभी चक्कर आने, चोट लगने या अचानक स्वास्थ्य संबंधी आपातस्थिति का सामना हो सकता है। इसलिए ट्रेनर को प्राथमिक उपचार और सीपीआरयानी कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन का व्यौहारिक प्रशिक्षण लेना चाहिए। इसके लिए मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्था चुनना उपयोगी है। क्लाइंट को व्यायाम शुरू कराने से पहले उसकी स्वास्थ्य संबंधी सीमाओं और जोखिमों को समझना भी ज़रूरी है। यदि किसी व्यक्ति को गंभीर दर्द, सांस लेने में असामान्य परेशानी या अन्य चिंताजनक लक्षण हों तो उसे व्यायाम जारी रखने के बजाय उचित चिकित्सा सहायता लेने की सलाह देनी चाहिए। कोर्स के दौरान या उसके बाद किसी अच्छे जिम, फिटनेस स्टूडियो या स्पोर्ट्स सेंटर में इंटर्नशिप करने की कोशिश करें। अनुभवी ट्रेनर के साथ काम करके वास्तविक क्लाइंट की ज़रूरतों को समझने का अवसर मिलता है। शुरुआत में वार्म-अप, उपकरणों की सेटिंग, व्यायाम की तकनीक और क्लाइंट की प्रगति दर्ज करने जैसे काम सीखें। धीरे-धीरे अलग-अलग फिटनेस स्तर वाले लोगों के लिए सुरक्षित वर्कआउट प्लांस तैयार करने की क्षमता विकसित करें। अपनी ट्रेनिंग योजनाओं और अनुभव का रिकॉर्ड रखना भी उपयोगी होगा।
नौकरी कहां मिलेगी?
जिम और फिटनेस क्लब- शुरुआती ट्रेनर, फ्लोर ट्रेनर या पर्सनल ट्रेनर के रूप में।
होटल और फिटनेस स्टूडियो- ग्राहकों को नियमित प्रशिक्षण देने के लिए।
स्पोर्ट्स अकादमी- खिलाड़ियों की सामान्य शारीरिक फिटनेस और कंडीशनिंग में सहायता के लिए, आवश्यक योग्यता के अनुसार।
कॉरपोरेट वेलनेस कार्यक्रम- कर्मचारियों की फिटनेस गतिविधियों और व्यायाम सत्रों के संचालन में।
ऑनलाइन ट्रेनिंग- वीडियो कॉल, ऑनलाइन कक्षाओं और व्यक्तिगत वर्कआउट प्लांस के जरिए।
स्वतंत्र पर्सनल ट्रेनिंग- घर पर या क्लाइंट की सुविधा के अनुसार प्रशिक्षण देना।
शुरुआती नौकरी तलाशने के लिए जिम और फिटनेस सेंटरों में सीधे संपर्क करने के साथ ऑनलाइन जॉब पोर्टल और संस्थानों के प्लेसमेंट नेटवर्क का उपयोग किया जा सकता है।
संभावित कमाई
फिटनेस ट्रेनर की कमाई शहर, संस्थान, अनुभव, प्रमाणपत्र और ग्राहकों की संख्या पर निर्भर करती है। शुरुआती स्तर पर लगभग 12,000 से 25,000 रुपये मासिक वेतन मिल सकता है। अनुभव और बेहतर कौशल के साथ कुछ ट्रेनर 25,000 से 45,000 रुपये या उससे अधिक भी कमा सकते हैं। ये सांकेतिक अनुमान हैं, निश्चित वेतन नहीं। पर्सनल ट्रेनर को प्रति सत्र भुगतान, मासिक पैकेज या वेतन के साथ प्रोत्साहन राशि भी मिल सकती है। स्वतंत्र ट्रेनिंग में कमाई ग्राहकों की संख्या और सेवा की कीमत पर निर्भर करेगी। हालांकि इसमें यात्रा, उपकरण, मार्केटिंग और अन्य खर्च भी हो सकते हैं।
शुरू करें अपना फिटनेस कारोबार
अनुभव और ग्राहक आधार बनने के बाद अपना छोटा फिटनेस स्टूडियो, व्यक्तिगत प्रशिक्षण सेवा या ऑनलाइन फिटनेस कार्यक्रम शुरू किया जा सकता है। शुरुआत में महंगे उपकरण खरीदने के बजाय सीमित और सुरक्षित प्रशिक्षण सेवाओं से शुरुआत करना समझदारी होगी। व्यवसाय के लिए बजट, जगह, उपकरण, ग्राहक प्रबंधन, भुगतान व्यवस्था और लागू स्थानीय नियमों की जानकारी जरूरी है। ग्राहकों को उनकी ज़रूरत के अनुसार प्रशिक्षण देना, समय का पालन करना और प्रगति का सही रिकॉर्ड रखना लंबे समय तक कारोबार चलाने में मदद करता है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





