जामिया मिलिया इस्लामिया में 20 साल बाद बहाल होंगे छात्र संघ चुनाव

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर - राजधानी दिल्ली स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) में दो दशकों के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर छात्र संघ चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश में यह घोषणा की गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जैसे ही छात्र संघ के नए संविधान के मसौदे को आधिकारिक मंजूरी मिल जाएगी उसके ठीक 15 दिनों के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी। प्रशासन ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्रों पर की गई अनुशासनात्मक कार्रवाइयों जैसे निलंबन और कारण बताओ नोटिस को भी वापस लेने का निर्णय लिया है।

जामिया में वर्ष 2006 में छात्र संघ को भंग कर दिया गया था। तब से अब तक दो दशकों से अधिक समय से परिसर में कोई चुनी हुई छात्र संस्था नहीं थी। छात्र संघ चुनाव और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व की बहाली की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलनरत और भूख हड़ताल पर थे।   प्रशासन के इस आदेश को परिसर में छात्र राजनीति और लोकतांत्रिक अधिकारों की पुनः स्थापना की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

#जामिया मिलिया इस्लामिया
# 20 साल
# बहाल
# छात्र संघ चुनाव