रायपुर: खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार यात्री बस, 3 यात्रियों की मौके पर मौ/त
छत्तीसगढ़, 26 अक्टूबर - छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 130 पर आज तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दरचुरा के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक के पिछले हिस्से में सीधे जा घुसी। इस भीषण टक्कर में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ। रॉयल ट्रेवल्स की यह यात्री बस अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर की ओर जा रही थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे जिनमें से अधिकांश तड़के के समय गहरी नींद में थे। ग्राम दरचुरा से ठीक पहले स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सड़क पर एक खराब ट्रक खड़ा था। तेज रफ्तार होने के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस के मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

