इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास यातायात रहेगा बाधित
नई दिल्ली, 5 नवंबर - भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के एक कार्यक्रम के मद्देनजर इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास की कई सड़कों पर पांच नवंबर को शाम चार बजे से छह बजे तक यातायात बाधित रहेगा। यातायात संबंधी परामर्श में यह जानकारी दी गई।
दिल्ली यातायात पुलिस के परामर्श के मुताबिक, शाम चार बजे से सचिवालय मार्ग और वेलोड्रोम रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, यातायात की स्थिति को देखते हुए बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित या उनके मार्ग में परिवर्तन किया जा सकता है।
परामर्श में बताया गया है कि शांति वन चौराहा और भैरों मार्ग चौराहा के बीच रिंग रोड के हिस्से, गीता कॉलोनी पुल से आईपी पुल की ओर जाने वाले सलीमगढ़ बाईपास, तथा डब्लू-पॉइंट से दिल्ली गेट तक के मार्ग पर भी यातायात संबंधी पाबंदियां रह सकती हैं।

