पाकिस्तानी हैंडलरों से जुड़े नशा और हथियार तस्करी गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार
एस.ए.एस. नगर, 10 नवंबर (कपिल वधवा)- मोहाली पुलिस ने पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के इशारे पर ड्रोन के जरिए सीमा पार से हेरोइन मंगवाने और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी मोहाली वरुण शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि आरोपियों के कब्जे से 5 पिस्तौल (3 आधुनिक पिस्तौल और 2 देसी कट्टे), 100 ग्राम हेरोइन, 1 लाख रुपये की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली क्रेटा कार बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि CIA स्टाफ खरड़ की टीम ने 7 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (23), सुनील उर्फ सन्नी (26), गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी (24) और सुखचैन सिंह उर्फ सुखा (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। वे ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन को तय स्थानों से प्राप्त करते थे और मोहाली, चंडीगढ़ सहित ट्राइसिटी में इसकी सप्लाई करते थे।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस ने आरोपियों का चार दिन का रिमांड हासिल कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

