अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर
मुंबई , 10 नवंबर - अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग और जांच के दौरान बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के घरों की रेकी किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने बॉलीवुड के बड़े कलाकारों को एहतियात बरतने और सार्वजनिक जगहों पर भीड़ के बीच जाने से बचने की सलाह दी है। पुलिस की ओर से कलाकारों को खासतौर पर फैंस के बीच रुकने, उनके साथ सेल्फी लेने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने के लिए कहा गया है।
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, हाल के दिनों में फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियों और टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को देखते हुए यह हिदायत दी गई है। पुलिस का मानना है कि कलाकारों की सुरक्षा के लिहाज से छोटी-छोटी सावधानियां भी जरूरी हैं।
दरअसल, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे इनपुट मिले हैं, जिनसे पता चला कि हमले से पहले आरोपियों ने दूसरे बॉलीवुड सितारों की भी रेकी की थी। इसी जानकारी के बाद पुलिस ने कई कलाकारों की सुरक्षा की समीक्षा की है। कुछ हस्तियों के घरों के बाहर सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस की निगरानी मजबूत करने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

