इनैलो के उपाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने दिया पार्टी से त्याग-पत्र

कुरुक्षेत्र, 10 सितम्बर (रामपाल शर्मा) : इनैलो को आज अब तक का सबसे बड़ा झटका उस समय लगा जब पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने अपने हज़ारों समर्थकों के साथ इनेलो से त्याग-पत्र दे दिया। पंजाबी धर्मशाला में थानेसर हलके के इनैलो कार्यकर्ताओं तथा अरोड़ा समर्थकों की बैठक में रुंधे गले से भावुक होते हुए अरोड़ा ने कहा कि चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने उन्हें अपने बेटों से ज्यादा प्यार दिया और जो मान-सम्मान पार्टी व थानेसर हलके की जनता ने दिया वे उसका अहसान कभी नहीं चुका सकते। इनैलो के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चौटाला परिवार में आपसी फूट के कारण पार्टी आज इस हालात में पहुंच गई है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी की जो दुर्दशा हुई वह किसी से छिपी हुई नहीं है। वह इनैलो छोड़ना नहीं चाहते थे लेकिन कार्यकर्ताओं व थानेसर हलके के विकास के लिए उन्होंने इनैलो से त्याग-पत्र दे दिया। अरोड़ा ने कहा कि वे ओम प्रकाश चौटाला से मिलकर नई राजनीतिक पारी शुरू करने के लिए उनका आशीर्वाद लेंगे और माफी भी मांगेंगे। गौरतलब है कि अरोड़ा 2004 से 2019 तक पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रहे। वह चार बार थानेसर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और मार्किटिंग बोर्ड के चेयरमैन, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर व प्रदेश के परिवहन मंत्री भी रह चुके हैं। अरोड़ा की गिनती ओम प्रकाश चौटाला के विश्वास पात्रों में रही है। बैठक में उपस्थित हज़ारों कार्यकर्ताओं ने अशोक अरोड़ा को अधिकार दिया कि वह हलके के विकास के लिए किसी भी राष्ट्रीय राजनीतिक दल में शामिल हो जाएं सभी कार्यकर्ता उनके साथ हैं और चुनावी मैदान में उतरें। बैठक के पश्चात पत्रकारों से वार्तालाप में अरोड़ा ने उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं संबंधी प्रश्न के उत्तर में कहा कि वह उनमें से नहीं है जो प्रतिदिन दल बदलें कार्यकर्ताओं ने उन्हें किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होकर चुनाव लड़ने का जो अधिकार दिया है। यह एक बहुत बड़ा बोझ उन पर डाला गया है और वे सोच समझकर ही इलाके की जनता के हित को देखते हुए इस बारे निर्णय लेंगे और जिस भी राजनीतिक दल में शामिल होंगे। जीवन के अंत तक उसी राजनीतिक दल में रहेंगे। 
कुरुक्षेत्र में हुआ इनैलो का सफाया : अशोक अरोड़ा के समर्थन में इनेलो के ज़िला प्रधान संदीप टेका, हलका प्रधान व बूरा खाप के अध्यक्ष रणबीर सिंह बूरा, शहरी प्रधान विवेक मैहता विक्की, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रामस्वरूप चोपड़ा, पूर्व सदस्य नरेंद्र शर्मा निंदी, हलका प्रवक्ता सुरेंद्र सैनी, एससी प्रकोष्ठ के ज़िला प्रधान चंद्रभान बाल्मीकि, जिला उपप्रधान सतबीर शर्मा, इनेलो पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव कलावती सैन सहित अनेक पदाधिकारियों ने इनैलो से त्याग-पत्र देने का ऐलान किया।