ए.एस.आई. ने दोस्त की पत्नी को मारी गोली, गंभीर अवस्था में अस्पताल दाखिल

 
लुधियाना, 15 जनवरी (किशन बाली): थाना डिवीजन नम्बर 7 में पड़ते इलाके सैक्टर 32 में एक ए.एस.आई. द्वारा दोस्त की पत्नी को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। गंभीर अवस्था में महिला को अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। घायल हुई महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना बीती देर शाम सैक्टर 32 के रहने वाले संजय विनोचा के घर सहायक सब इंस्पेक्टर सुखपाल सिंह आया। उस वक्त घर में संजय की पत्नी चंचल (40) और उसकी दो लड़कियां रिया और खुशी घर में मौजूद थी। पुलिस मुताबिक ए.एस.आई. सुखपाल सिंह की घर के मालिक संजय से पिछले कई साल से दोस्ती थी और सुखपाल अक्सर उनके घर आता जाता रहता था। संजय एक फैक्टरी में सुपरवाइजर का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी चंचल एल.आई.सी. एडवाइजर का काम करती है। घटना के समय जब सुखपाल संजय के घर आया तो सुखपाल ने चंचल से कुछ नकदी उधार देने के लिए कहा। इस बात को लेकर सुखपाल और चंचल में बहस हो गई। पुलिस मुताबिक सुखपाल ने चंचल को बताया कि वह कार लेना चाहता है, इसलिए उसे पैसे की जरूरत है, लेकिन चंचल द्वारा इतनी बड़ी रकम उसके पास ना होने के बारे में बताया, तो गुस्से में आए सुखपाल ने अपने पास रखी पिस्तौल निकाली और वहां गोलियां चलानी शुरू कर दी। सुखपाल द्वारा चलाई पहली गोली चंचल के नजदीक से गुजर गई जबकि दूसरी गोली उसके पेट में लगी। खून से लथपथ चंचल वही गिर गई। गोलियां चलने की आवाज सुनकर बड़ी लड़की रिया बाहर आई और उसने आसपास के लोगों को सूचित किया। शोर की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने चंचल को नजदीक के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल करवाया। इस दौरान सुखपाल मौके से फरार हो गया।  ए.सी.पी. देवेंद्र चौधरी ने बताया कि सुखपाल के खिलाफ  धारा 307 के तहत केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। लड़कियां इतनी ज्यादा डर गई थी कि उन्होंने घटना के बारे अपने पिता को भी देर रात सूचित किया, जबकि वह फैक्ट्री में ड्यूटी पर था। पुलिस कमिश्नर  राकेश अग्रवाल ने बताया कि ए.एस.आई. सुखपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है और इस सारे मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है।