33 वर्ष की हुईं सोनाक्षी सिन्हा

मुंबई, 2 जून (वार्ता): बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा आज 33 वर्ष की हो गई। 2 जून 1987 को बिहार के पटना शहर में जन्मी सोनाक्षी सिन्हा को अभिनय की कला विरासत में मिली है। सोनाक्षी के पिता शत्रुध्न सिन्हा जाने माने अभिनेता है। सोनाक्षी ने मुंबई के आर्य विद्या मंदिर से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और मुंबई के ही नाथीबाई दामोदर ठाकरे महिला विश्वविद्यालय से फैशन डिजाइनिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। सोनाक्षी ने 2005 की फिल्म ‘मेरा दिल लेकर देखो’ में कॉस्ट््यूम डिजाइन करके कॉस्ट््यूम डिजाइनर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। सोनाक्षी का कहना है कि उनके फिल्मी करियर में सलमान खान का हाथ है। सलमान की सलाह से ही सोनाक्षी ने स्विमिंग, योगा करके अपना 30 किलो वजन कम किया था। सोनाक्षी को पेंटिंग और स्केच बनाने का भी बहुत शौक है। फिल्म ‘लुटेरा’ में भी वह पेंटिंग करती नजर आईं। उन्हें साड़ी पहनना भी बहुत पसंद है।  सोनाक्षी सिन्हा ने अभिनेत्री के तौर पर अपने करियर की शुरूआत वर्ष 2010 में प्रदर्शित फिल्म दबंग से की। इसके बाद सोनाक्षी ने दबंग 2.सन ऑफ सरदार.राउठी राठौर ,आर.राजकुमार और होली डे जैसी सुपरहिट फिल्मों में भी काम किया है।