IPL 2022 में खेलेंगी अहमदाबाद-लखनऊ टीम, 12 हजार करोड़ से ज्यादा में बिकी दोनों की टीम !

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर - आईपीएल 2022 की 2 नई टीमों का ऐलान हो गया है। आईपीएल के अगले सीजन से अहमदाबाद और लखनऊ की टीमें भी मैदान भी उतरेंगी। अहमदाबाद की टीम को सीवीसी कैपिटल ग्रुप ने खरीदा है, वहीं लखनऊ को आरपी संजीव गोयनका ग्रुप ने अपना बनाया है। आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप ने लखनऊ फ्रेंचाइजी को 7,090 करोड़ रुपये में खरीदा वहीं सीवीसी कैपिटल ने अहमदाबाद टीम को 5600 करोड़ रुपये में खरीदा। दुबई में हुई बोली में अडानी ग्रुप, टॉरेंट और मैनचेस्टर यूनाइटेड ने भी हिस्सा लिया था लेकिन उनकी बोली 5000 करोड़ तक भी नहीं पहुंची। वहीं संजीव गोयनका ग्रुप ने आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली लगाकर लखनऊ फ्रेंचाइजी को खरीद लिया। संजीव गोयनका ग्रुप के बाद सीवीसी कैपिटल ने सबसे बड़ी बोली लगाई और वो अहमदाबाद को खरीदने में कामयाब रही। बता दें सीवीसी कैपिटल ने हाल ही में स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा, फॉर्मूला वन और रग्बी टीम खरीदी थी। अब उसने आईपीएल में भी अपनी टीम खरीद ली है।