छत्तीसगढ़ के सुकमा में एक इनामी नक्सली समेत आठ नक्सली गिरफ्तार

सुकमा, 14 सितम्बर - छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली समेत आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनके पास से विस्फोटक बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को जगरगुंडा थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), ज़िला बल, बस्तर फाइटर और जिला रिजर्व गार्ड की संयुक्त टीम को गश्त के लिए रवाना किया गया था। यह संयुक्त टीम जब बैनपल्ली गांव के करीब पहुंची तब कुछ संदिग्ध व्यक्ति वहां से भागने लगे। बाद में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।