झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन हैं JMM, RJD और कांग्रेस - प्रधानमंत्री मोदी

जमशेदपुर (झारखंड), 15 सितम्बर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन हैं JMM, RJD और कांग्रेस। झारखंड के निर्माण का बदला आज भी RJD झारखंड से उतारती है और कांग्रेस को तो झारखंड से नफरत है ही...ये JMM वाले जिन्होंने आदिवासियों के वोट से अपनी राजनीति चमकाई, आज वो किसके साथ खड़े हैं? ये लोग आदिवासियों के जंगल जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ हैं। JMM के लोग बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ खड़े हैं। ये घुसपैठिए और कट्टरपंथी JMM को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। इनके लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा के भीतर भी घुस गए हैं। जानते हैं ऐसा क्यों हुआ? क्योंकि JMM में कांग्रेस का भूत घुस गया है। जब किसी पार्टी में कांग्रेस का भूत घुस जाता है, तो तुष्टिकरण ही उस दल का इकलौता एजेंडा बन जाता है। इसके लिए सबसे पहले ये लोग दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज के हितों की बलि चढ़ाते हैं। यही हाल JMM का भी हो रहा है। JMM और कांग्रेस जैसे दलों को आपका वोट नहीं चाहिए। ये दल मजहब के नाम पर अपना वोटबैंक बनाना चाहते हैं। यही समय है, हमें इस खतरे को यहीं पर रोकना होगा। JMM के लिए आदिवासी समाज का सम्मान नहीं अपना सियासी फायदा सबसे ऊपर है। आज झारखंड का गरीब आदिवासी पूछ रहा है क्या चंपई सोरेन जी आदिवासी नहीं थे क्या? क्या वो एक गरीब परिवार से नहीं आते थे क्या? लेकिन जिस तरह उन्हें अपमानित किया गया, जिस तरह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करने के लिए उन्हें अपमानित करते हटाया  गया, उससे झारखंड के हर गरीब आदिवासी के दिल को गहरी चोट पहुंची है।