हरियाणा: जनता को बहकाने का कर रही है काम कांग्रेस - मनोहर लाल खट्टर 

यमुनानगर (कुलदीप सैनी), 22 सितम्बर - हरियाणा के चुनावी रण को जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसी कड़ी में आज केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल जगाधरी में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जगाधरी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी कंवरपाल गुर्जर के लिए वोट की अपील की। वहीं मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल लोगों को भ्रमित करने का काम कर रही है। कांग्रेस की हवा कहकर लोगों को बहकने का काम कर रहे हैं। 10 साल भाजपा की सरकार रही है इससे कांग्रेस में हताशा है। अपने कार्यकर्ताओं को जोड़े  रखने के लिए इस प्रकार का प्रलोभन देंगे कि हमारी सरकार आएगी। लेकिन हरियाणा का इतिहास रहा है जिसकी सरकार केंद्र में होती है उसी की प्रदेश में सरकार बनती है तीसरी बार भी हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बड़ी मज़बूती से बनने जा रही है। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा के भाजपा में ज्वाइन करने के सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि यह रणनीति है और रणनीति का खुलासा नहीं किया जाता।