हरियाणा: अनाज मंडी में खूब आ रहा धान, प्रवासी मजदूरों को भी मिल रहा रोजगार

यमुनानगर, 20 अक्टूबर (कुलदीप सैनी) - हरियाणा में धान का सीजन अपने पीक पर है। जहां किसान फसल का अच्छा दाम ले रहा है तो दूसरी तरफ प्रवासी मजदूरों को भी अनाज मंडी से रोजगार मिल रहा है। धान के झरने से निकलने वाले कबाड़ से प्रवासी मजदूर रोजाना 20-25 किलो धान आसानी से निकाल रहे हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। छछरौली की नई और पुरानी अनाज मंडी में दर्जनों प्रवासी मजदूर ऐसा ही काम कर रहे हैं। इस काम में महिलाएं सबसे आगे हैं। उन्होंने बताया कि हम कई महिलाएं इकट्ठा होकर किसानों की धान की बिक्री के बाद जो कबाड़ धान निकलता है उसे साफ़ करके रोजाना 20-25 किलो आसानी से अनाज निकाल लेते और उसके बाद हम इसे बेच देते हैं जिससे हमारे परिवार का पालन पोषण अच्छा होता है। यह काम हम पिछले एक महीने से कर रहे हैं और जब तक मंडी चलती रहेगी हमें रोजगार भी ऐसा ही मिलता रहेगा। आपको बता दें कि यूपी से सटे यमुनानगर में  धान और गेहूं के सीजन के वक्त हजारों प्रवासी मजदूर यहां रोजगार की तलाश में आते हैं और उन्हें यहां रोजगार भी मिल जाता है।