यमुनोत्री धाम के कपाट भी हुए बंद

देहरादून, 23 अक्टूबर- उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित यमुनोत्री तीर्थ के कपाट आज दोपहर 12:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। परंपरा के अनुसार कपाट बंद होने से पहले भगवान समेश्वर (शनिदेव) की पालकी मां यमुना को लेने के लिए खरसाली गांव से तीर्थ स्थल पर पहुंची। इसके बाद, शनिदेव की पालकी मां यमुना की पालकी से आगे मंदिर से निकलकर खरसाली के लिए रवाना हुई।

इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु उमड़े। मां देवी अगले छह महीने तक खरसाली में ही रहेंगी। धाम के कपाट 30 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे और तब से अब तक 6 लाख से अधिक श्रद्धालु धाम के दर्शन कर चुके हैं।

मान्यता के अनुसार, इसी दिन यमराज और शनिदेव अपनी बहन यमुना से मिलने आए थे। इसलिए इस दिन को यम द्वितीया भी कहा जाता है।

#यमुनोत्री धाम के कपाट भी हुए बंद