नीदरलैंड्स ने नामीबिया को सात विकेट से हराया


नयी दिल्ली 10 फरवरी  बास डलीडे ( दो विकेट और नाबाद 72 ) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत नीदरलैंड्स ने मंगलवार को टी-20 विश्वकप के 10वें मुकाबले में नामीबिया पर सात विकेट से जीत दर्ज की।
 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसका पहला विकेट तीसरे ओवर में मैक्स ओ'डाउड (सात) के रूप में गिरा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बास डलीडे ने माइकल लेविट के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। छठें ओवर में बर्नार्ड शोल्ज ने माइकल लेविट को आउटकर नीदरलैंड्स को दूसरा झटका दिया। लेविट ने 15 गेंदों में तीन छक्के एक चौका लगाते हुए 28 रनों की पारी खेली। कॉलिन ऐकरमैन (32) रन 14वें ओवर में तीसरे विकेट के रूप में आउट हुये। नीदरलैंड्स ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया। बास डलीडे ने 48 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 72 रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने नौ गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 18 रन बनाये।नामीबिया के लिए बर्नार्ड शोल्ज, रुबेन ट्रंपलमन और निकोल लॉफ्टी-ईटन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

#नीदरलैंड्स